


रायगढ़। खेतों में जलाई जा रही पलारी ने सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। एनएच-49 पर बोरियों से भरी एक चलती पिकअप में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कुछ ही पलों में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। सड़क पर दौड़ती आग के इस मंजर को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हाइवे पर भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के मुरा नावापारा के बीच आग लगी।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खेतों में जल रही पलारी की तेज लपटें और उड़ती चिंगारियां पिकअप तक पहुंच गईं। देखते ही देखते बोरियों से भरी पिकअप आग की चपेट में आ गई और वाहन आग का गोला बनकर NH-49 पर दौड़ने लगा।
ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पिकअप का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया।
घटना के दौरान हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों ने दूर से ही धू-धू कर जलती पिकअप को देखा और अपने वाहन रोक लिए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि खेतों में पलारी जलाने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। तेज हवा के कारण चिंगारियां दूर तक उड़कर कभी भी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती हैं।
गनीमत रही कि इस भीषण आगजनी में ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन पिकअप में भरी बोरियां और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
NH-49 पर कुछ देर के लिए दहशत और जाम जैसे हालात बन गए।