Tuesday, April 21, 2026
Home शिक्षा Exclusive..बॉयलर में तैयार हुआ था मौत का सामान..5 घँटे पहले ही लिखी जा चुकी थी हादसे की स्क्रिप्ट..वेदांता हादसे का वह सच पूरे सबूत के साथ हम लेकर आए है..उत्पादन टारगेट और मुनाफे का लालच जिसमें जलकर 22 बेगुनाह मजदूरों की जान चली गई। पढ़िए सनसनीखेज इनसाइड स्टोरी…

Exclusive..बॉयलर में तैयार हुआ था मौत का सामान..5 घँटे पहले ही लिखी जा चुकी थी हादसे की स्क्रिप्ट..वेदांता हादसे का वह सच पूरे सबूत के साथ हम लेकर आए है..उत्पादन टारगेट और मुनाफे का लालच जिसमें जलकर 22 बेगुनाह मजदूरों की जान चली गई। पढ़िए सनसनीखेज इनसाइड स्टोरी…

by Surendra Chauhan

बदलता छत्तीसगढ़।रायगढ़।
वेदांता संयंत्र में हुआ भीषण बॉयलर हादसा अब केवल एक औद्योगिक दुर्घटना नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट लालच, प्रबंधन की जल्दबाजी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी का भयावह प्रतीक है। 22 मजदूरों की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे बताते हैं कि यह हादसा अचानक नहीं हुआ, बल्कि धीरे धीरे इसकी स्क्रिप्ट लिखी गई।सुबह 10.30 बजे खतरे की पहली घंटी
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10.30 बजे बॉयलर को ऑक्सीजन पहुंचाने वाले दो प्राइमरी एयर फैन में से एक फैन में अचानक ऑयल लीकेज शुरू हो गया। यह कोई सामान्य खराबी नहीं थी। प्राइमरी एयर फैन दहन प्रक्रिया की रीढ़ माना जाता है। इसके बिना कोयले का संतुलित दहन संभव नहीं होता।
लीकेज की सूचना मिलते ही फैन बंद किया गया। यूनिट का लोड घटाकर लगभग 350 मेगावॉट किया गया और मरम्मत शुरू हुई। यहीं वह समय था जब पूरे सिस्टम को सुरक्षित मोड में रखकर विस्तृत तकनीकी जांच, क्लिंकर निरीक्षण, प्रेशर टेस्ट और सेफ्टी ऑडिट किया जाना चाहिए था।
लेकिन अंदर ही अंदर खतरा बढ़ता रहा।

कोल मिल चलता रहा, मौत तैयार होती रही
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान बॉयलर को ईंधन देने वाले 8 में से 6 कोल मिल चालू रहे।
मिल को जब तक स्विच ऑफ किया जाता तबतक 20 मिनट एक्स्ट्रा चालू हो चुका था। मतलब साफ था कि कोयला सप्लाई जारी रही, लेकिन पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने से वह पूरी तरह नहीं जल पाया।
अधजला कोयला बॉयलर और फर्नेश क्षेत्र में जमा होने लगा। धीरे धीरे क्लिंकर बनने लगा। क्लिंकर वह कठोर जला हुआ जमाव होता है जो एयर फ्लो रोक देता है, तापमान असंतुलित करता है और सिस्टम को भीतर से विस्फोटक बना देता है।
तकनीकी विशेषज्ञों की नजर में यही वह मोड़ था जहां खतरे की घंटी साफ सुनाई देनी चाहिए थी।

सबसे खतरनाक जल्दबाजी
करीब 1 बजे पीए फैन सुधार की सूचना मिली। इसके बाद बिना समुचित निरीक्षण, बिना गैस पर्जिंग, बिना क्लिंकर हटाए, बिना लाइन प्रेशर चेक और बिना सुरक्षा परीक्षण के फैन दोबारा चालू कर दिया गया।
फैन चालू होते ही सिस्टम को अचानक अतिरिक्त ऑक्सीजन मिलने लगी। उसी समय यूनिट का लोड तेजी से 350 मेगावॉट से बढ़ाकर 600 मेगावॉट कर दिया गया।
यानी एक साथ ज्यादा हवा, ज्यादा कोयला, ज्यादा तापमान और ज्यादा उत्पादन का दबाव।
यही वह घातक संयोजन था जिसने मौत का रास्ता तैयार किया।
मुनाफे का टारगेट, मजदूरों की मौत
सूत्र बताते हैं कि 600 मेगावॉट उत्पादन बनाए रखने पर कंपनी को बेहतर आर्थिक लाभ और इंसेंटिव मिलता है। कम लोड होने पर नुकसान और प्रोत्साहन में कमी आती थी। यही कारण था कि उत्पादन लक्ष्य हर हाल में बनाए रखने का दबाव था।
तकनीकी जानकारों का कहना है कि किसी भी बॉयलर ब्रेकडाउन के बाद यूनिट को तुरंत पूर्ण क्षमता पर नहीं चलाया जाता। पहले चरणबद्ध परीक्षण होता है। सभी उपकरणों की जांच की जाती है। तापमान, दबाव, एयर फ्लो, स्टीम लाइन, फ्यूल सिस्टम और सेफ्टी इंटरलॉक स्थिर होने के बाद धीरे धीरे लोड बढ़ाया जाता है। कई बार पूरी प्रक्रिया में एक से दो दिन तक लगते हैं।
लेकिन इस मामले में नियमों को ताक पर रख दिया गया और मुनाफे को प्राथमिकता दी गई।
ढाई बजे फटा मेन स्टीम पाइप

दोपहर 2.20 मिनट पर लोड 602.500 मेगावॉट तक बढ़ा दिया गया। बढ़ते तापमान, दबाव असंतुलन और अचानक बढ़े लोड के बीच सिर्फ 10 मिनट के भीतर ही 2.30 बजे मेन स्टीम पाइप फट गया। पाइप फटते ही तेज दबाव वाली भाप, भीषण गर्मी और धमाके ने पूरे क्षेत्र को चपेट में ले लिया।
मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ सेकंड में काम की जगह चीख पुकार में बदल गई।

दोपहर 2.20 बजे लोड 602.500मेगावॉट पर बढ़ गया था


22 परिवार में मातम
किसी घर का बेटा नहीं लौटा। किसी बच्चे के पिता हमेशा के लिए चले गए। किसी मां की आंखों का सहारा टूट गया। मजदूर रोजी कमाने गए थे, लेकिन लौटे तो सिर्फ खबर बनकर। हादसे में अबतक 22 मजदूरों की मौत हो गई।जबकि घायलो की संख्या अभी भी दो दर्जन के पार है।

सवाल जिसका जवाब अबतक नही
क्या उत्पादन लक्ष्य इंसानी जिंदगी से बड़ा था
क्या सुरक्षा नियमों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया
क्या तकनीकी टीम की चेतावनी दबा दी गई
क्या मुनाफे के लिए मजदूरों की जान दांव पर लगा दी गई
क्या 22 मौतों की जवाबदेही तय होगी
यह हादसा मशीन नहीं, मानसिकता का विस्फोट है
वेदांता हादसा अब सिर्फ औद्योगिक दुर्घटना नहीं, बल्कि उस सोच का काला चेहरा है जिसमें सुरक्षा पीछे छूट जाती है और मुनाफा सबसे आगे खड़ा हो जाता है।

You may also like