Saturday, May 16, 2026
Home शिक्षाबिग ब्रेकिंग…विश्व प्रसिद्ध सिंघनपुर गुफा में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों पर मधुमक्खी का हमला..घायलों की हालत नाजुक…अचेत अवस्था में पहाड़ से नीचे उतारा गया…ब्रिटिश अफसर से लेकर रायगढ़ के राजा की भी हो चुकी है मौत…

बिग ब्रेकिंग…विश्व प्रसिद्ध सिंघनपुर गुफा में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों पर मधुमक्खी का हमला..घायलों की हालत नाजुक…अचेत अवस्था में पहाड़ से नीचे उतारा गया…ब्रिटिश अफसर से लेकर रायगढ़ के राजा की भी हो चुकी है मौत…

by Surendra Chauhan


बदलता छत्तीसगढ़।रायगढ़
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध सिंघनपुर की प्राचीन गुफाएं एक बार फिर सनसनीखेज हादसे की वजह बन गई हैं। शैल चित्रों और गुफा संरक्षण का निरीक्षण करने पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम पर अचानक हजारों मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते पूरा पहाड़ी इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिकारी गुफा के भीतर शैल चित्रों और संरक्षित हिस्सों का निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का विशाल झुंड उन पर टूट पड़ा। हमले की तीव्रता इतनी भयावह थी कि अधिकारी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पहाड़ी और दुर्गम रास्तों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
मधुमक्खियों के लगातार हमले से पांचों अधिकारी गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। हालत इतनी बिगड़ गई कि रेस्क्यू टीम को स्ट्रेचर के सहारे पहाड़ से नीचे उतारना पड़ा। घायल अधिकारियों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां खबर लिखे जाने तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
फिर साबित हुई “मौत की गुफा”!
सिंघनपुर की गुफा केवल अपनी प्राचीन शैल कला के लिए ही नहीं, बल्कि रहस्यमयी और खतरनाक घटनाओं के लिए भी चर्चाओं में रही है। बताया जाता है कि वर्षों पहले ब्रिटेन के नागरिक रॉबर्ट एडर्शन की भी गुफा भ्रमण के दौरान मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई थी। इतना ही नहीं, रायगढ़ रियासत के एक राजा की जान भी इसी तरह के हमले में चली गई थी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गुफा क्षेत्र में विशाल और अत्यंत आक्रामक मधुमक्खियों का डेरा वर्षों से बना हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम बेहद कमजोर हैं।
बड़ा सवाल — आखिर कब जागेगा प्रशासन?
इतिहास, रहस्य और खतरों से घिरी सिंघनपुर गुफा में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्व धरोहर जैसी पहचान रखने वाली इस जगह पर न तो पर्याप्त सुरक्षा है और न ही आपातकालीन बचाव व्यवस्था।
आज हुए हमले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सिंघनपुर की गुफाएं केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि जरा सी चूक पर जानलेवा साबित होने वाला खतरनाक इलाका बन चुकी हैं।

You may also like