Sunday, September 8, 2024
Home सारंगढ़ भाजपा ने निकाली घोटालों की बारात। भाजपाईयों ने किया जमकर प्रदर्शन। मंत्रियों का मुखौटा लगाकर बनाया बाराती। सीएम के मुखौटे में नजर आया दूल्हा…पढ़िये रिपोर्ट

भाजपा ने निकाली घोटालों की बारात। भाजपाईयों ने किया जमकर प्रदर्शन। मंत्रियों का मुखौटा लगाकर बनाया बाराती। सीएम के मुखौटे में नजर आया दूल्हा…पढ़िये रिपोर्ट

by Surendra Chauhan

रायगढ़ । नगर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पुलिस के भारी प्रतिरोध के बावजूद आज शहर में भूपेश सरकार के विरुद्ध घोटालों की बारात जोर-शोर से निकाली गयी।

भाजपा के प्रदर्शन को असफल करने हेतु आज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद थी और गांधी प्रतिमा पर बेरिकेट्स लगाकर एडिशनल एस पी व सी एस पी की अगुवाई में भारी पुलिस बल रास्ता रोकने के लिये तैनात था। इधर भाजपा कार्यालय में भूपेश सरकार के मंत्रियों का मुखौटा व घोटालों की टी शर्ट पहनकर प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकता सदल-बल बाजे-गाजे के साथ घोटाले की बारात लेकर पार्टी कार्यालय से निकले। रिक्शे पर भूपेश बघेल का मुखौटा पहनकर कार्यकर्ता दूल्हा बना हुआ था और शेष मंत्रीगणों का मुखौटा पहने कार्यकर्ता सामने नाचते गाते बाराती की तरह चल रहे थे। गांधी पुतला पर पुलिस की तैनाती देखकर प्रदर्शनकारियों ने उन्हें चकमा देते हुये बारात को कारगिल चौक की ओर मोड़ दिया। भौंचक पुलिस बल ने भागकर डी जे वाहन को रोकने का प्रयास किया तो भाजपा नेताओं व पुलिस अधिकारियों में झूमाझटकी हो गयी और अंततः भाजपा का दल अवरोध को तोड़कर आगे बढ़ गया। जैसे ही भाजपा का जत्था गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो भारी पुलिस बल ने दीवार बनाकर उनका रास्ता रोक लिया और माहौल बेहद गर्म हो गया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता कई बार गुत्थमगुत्था हुये। आधे लोग पुलिस बल की दीवार को तोड़कर बाहर निकल पाये और इन लोगों ने तयशुदा सुभाष चौक मार्ग को छोड़कर गद्दी चौक का रास्ता पकड़ लिया तथा चौक में रास्ता रोककर जोरदार नारेबाजी करने लगे। इधर गुरुद्वारा के पास रोके गये भाजपाइयों और पुलिस में झड़प जारी थी। भाजपाइयों द्वारा बार-बार रास्ते बदलने से परेशान पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं से बातचीत की तो भाजपा नेताओं ने कहा कि रोके गये साथियों को साथ आने दिया जाये तभी वे तयशुदा मार्ग पर जायेंगे अन्यथा अलग-अलग जगह से निकलकर हर तरफ प्रदर्शन किया जायेगा। इस पर कार्यकर्ताओं को छोड़ा गया। यहां से भीड़ सुभाष चौक पहुंची और बेरिकेट्स को गिराकर प्रदर्शन करते हुये भूपेश बघेल का पुतला फूंक दिया। इस दौरान भारी अफरा-तफरी मच गयी और पुलिस जलते हुये पुतले को छिनने में किसी तरह सफल रही। भाजपाई जब गांधी पुतला की ओर आगे बढ़े तो बीच में फिर से भूपेश बघेल का बड़ा पुतला लेकर एक कार्यकर्ता दौड़ता हुआ वहां पहुंचा। इससे पहले की पुतला दहन होता, पुलिस ने काफी मशक्कत करके उसे छिन्न-भिन्न कर दिया। बचे हुये अवशेषों को अलग-अलग रूप से जलाते हुये जत्था आगे बढ़ रहा था कि पुलिस द्वारा एक कार्यकर्ता को उठाकर ले जाने की सूचना मिलते ही भीड़ भड़क गयी और उसे तत्काल छोड़ने की बात को लेकर भाजपा नेताओं व पुलिस अधिकारियों में बहस होने लगी। गांधी पुतला के सामने से भाजपाई तब तक नहीं हटे जब तक कि उस कार्यकर्ता को छोड़ा नहीं गया। लम्बे अर्से के बाद आज भाजपा का वह आक्रामक तेवर देखने को मिला जिसके लिये उसे जाना जाता है। उल्लेखनीय है कि आज महिला मोर्चा भी जुझारू रूख के साथ पूरी निडरता से प्रदर्शन की अग्रिम पंक्ति में शामिल था।

आज के प्रदर्शन में भूपेश सरकार पर कोयला घोटाला, गोठान घोटाला, पी डी एस घोटाला, पी एस सी भर्ती घोटाला, शराब घोटाला, फर्नीचर घोटाला आदि का आरोप मढ़ते हुये पोस्टर , बैनर, तख्ती आदि लेकर भाजपाइयों ने जबरदस्त हंगामा किया। कुल मिलाकर लड़ाकू विपक्ष का नमूना आज देखने को मिला।

You may also like