
बदलता छत्तीसगढ़।/खरसिया से रिपोर्टर हीरा पटेल की खास रपट….
खरसिया के टेमटेमा स्थित स्काई एलायज फैक्ट्री में चोरी का लोहा खपता है।कबाड़ियों का सबसे सुरक्षित और मुफीद ठिकाना यही प्लांट पिछले कई सालों से बना हुआ है।यह हम नही बल्कि खरसिया पुलिस की ताजातरीन कार्रवाई में पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ है। शनिवार की रात पुलिस कबाड़ से भरी ऐसी दो ट्रकों को लावारिश हालात में जब्त किया है,जब दोनो ट्रक एंट्री के लिए प्लांट के मुख्य गेट पर लगी थी।पुलिस कबाड़ियों और ट्रक मालिको की पतासाजी में जुट गई है।इसके साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ जारी है।आने वाले दिनों में कबाड़ियों के एक गिरोह के बेनकाब होने की संभावना बन रही ह। चोरी के लोहे के काले कारोबार पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। देर रात खरसिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्काई फैक्ट्री के गेट के पास खड़े दो ट्रकों को लावारिस हालत में जब्त कर लिया। दोनों ट्रकों में भारी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ था, जिसे खपाने की तैयारी की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी का कबाड़ ट्रकों के जरिए फैक्ट्री तक पहुंचाया जा रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने दबिश दी तो स्काई फैक्ट्री के गेट के पास खड़े दो ट्रक संदिग्ध हालत में मिले। ट्रकों में भरे कबाड़ के संबंध में मौके पर कोई भी व्यक्ति वैध दस्तावेज या मालिकाना दावा पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया।
कबाड़ी गिरोह की तलाश तेज
पुलिस अब इस पूरे मामले में कबाड़ी गिरोह और ट्रक मालिकों की तलाश में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह कबाड़ चोरी का हो सकता है, जिसे फैक्ट्री में खपाने की कोशिश की जा रही थी।
बड़ा सिंडिकेट आने की आशंका
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि औद्योगिक क्षेत्र में चोरी के लोहे का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो अलग-अलग जगहों से कबाड़ इकट्ठा कर ट्रकों के जरिए प्लांटों में खपाता है।
फिलहाल खरसिया पुलिस जब्त किए गए ट्रकों और कबाड़ की जांच कर रही है, साथ ही कबाड़ियों और ट्रक चालकों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर चोरी के लोहे के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है।
(मामले की जांच जारी है, पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकती है।)