

बदलता छत्तीसगढ़।रायगढ़ क्राइम कंट्रोल को लेकर एसएसपी शशिमोहन सिंह का धमाका लगातार जारी है। सेक्स रैकेट,कबाड़ सट्टा के बाद गुंडे बदमाशों की क्लास लेनी शुरू कर दी गई है। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया जिले के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में दर्ज अपराधियों और संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों को पुलिस कार्यालय में तलब कर उनकी कड़ी क्लास ली और साफ शब्दों में अल्टीमेटम दे दिया। सुधर जाओ या फिर सीधा जेल जाओ।अब कोई मुरब्बत नही।
एसएसपी ने दो टूक कहा
“अपराधों से तौबा कर लो, नहीं तो रायगढ़ पुलिस की कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहो।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी बदमाश के खिलाफ दोबारा शिकायत मिली या वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया गया तो कठोर कानूनी कार्रवाई कर सीधे जेल भेजा जाएगा।
थानों से लेकर एसपी ऑफिस तक बदमाशों की हाज़िरी
होली पर्व को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों के निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची के अपराधियों और सजायाफ्ता व्यक्तियों को पहले थाने में बुलाकर सख्त समझाइश दी।
इसके बाद इन चिन्हित बदमाशों को एसपी कार्यालय में तलब कर अंतिम चेतावनी दी गई।
पुलिस का सख्त संदेश — सुधारो वरना कार्रवाई तय
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस चाहती है कि अपराध की राह छोड़कर ये लोग समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन जिएं।
उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे लोगों को सुधार का मौका दे रही है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति फिर से अपराध में शामिल हुआ तो रायगढ़ पुलिस उसे कानून के शिकंजे में लेने में जरा भी देर नहीं करेगी।
नशा छोड़ो, जिंदगी सुधारो
एसएसपी ने बताया कि जो लोग नशे की लत छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से मदद दिलाई जाएगी।
साथ ही बेरोजगार युवकों को जिला प्रशासन के सहयोग से रोजगार के अवसर दिलाने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा ताकि वे अपराध से दूर रहकर सामान्य जीवन जी सकें।
होली पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं
एसएसपी ने साफ चेतावनी दी कि होली के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति छेड़खानी, मारपीट, नशाखोरी या किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
“भारत माता की जय” से गूंजा पुलिस कार्यालय
बैठक के अंत में कई बदमाशों ने अपराध की राह छोड़ने का भरोसा दिया। इस दौरान पुलिस कार्यालय “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।