
बदलता छत्तीसगढ़।रायगढ़
खरसिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा पंचायत के आश्रित गांव आड़ाझर में शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां परीक्षा दिलाने जा रही एक नाबालिग किशोरी के साथ सरेआम छेड़छाड़ की गई। घटना के बाद जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी का हौसला और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने पीड़िता के पिता को भरे पंचायत में बुलाकर न केवल अपमानित किया बल्कि उनके साथ जमकर मारपीट भी की। खुलेआम हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत खरसिया थाने में दर्ज कराई है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की निष्क्रियता को उजागर कर रहा है।
एक ओर जहां नाबालिग की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं दूसरी ओर आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे पीड़ित परिवार भय और दबाव में जीने को मजबूर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों में पुलिस के रवैये को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी को उजागर करती है। जब नाबालिग बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, तो कानून व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गंभीर मामले में कब जागती है और आरोपी पर सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा