Monday, March 23, 2026
Home शिक्षा ड्रोन की नजर से खुला अफीम का राज,तमनार के बाद लैलूंगा में हड़कम्प…अफीम की एक और खेती..मौके पर पहुंचा प्रशासन…

ड्रोन की नजर से खुला अफीम का राज,तमनार के बाद लैलूंगा में हड़कम्प…अफीम की एक और खेती..मौके पर पहुंचा प्रशासन…

by Surendra Chauhan


रायगढ़
प्रदेश में दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब औद्योगिक नगरी रायगढ़ में भी अफीम की अवैध खेती का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। तमनार के आमघाट में पोस्ता की खेती पकड़े जाने के बाद प्रशासन पहले से अलर्ट था, और सूखे नशे की तलाश में कलेक्टर के निर्देश पर ड्रोन से निगरानी शुरू की गई थी। इसी हाईटेक निगरानी ने लैलूंगा में बड़ा राज खोल दिया।
ड्रोन कैमरे की नजर ग्राम नवीन घाटगांव पर ठहरी और खेतों में छिपी अवैध पोस्ता की खेती सामने आ गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। खेत का निरीक्षण किया गया तो पोस्ता के पौधे स्पष्ट रूप से पाए गए, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी फसल को उखाड़कर नष्ट कर दिया गया।
महज 2 डिसमिल जमीन पर उगाई जा रही इस अफीम की खेती ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ग्रामीण अंचलों में नशे का यह नेटवर्क कितना गहराई तक फैल चुका है।
कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें साधराम नागवंशी और अभिमन्यु नागवंशी शामिल हैं। दोनों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
जांच एजेंसियां अब इस बात की तह तक जाने में जुटी हैं कि इस अवैध खेती के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है, बीज कहां से आए और तैयार माल की सप्लाई कहां की जानी थी।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि रायगढ़ जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ड्रोन सर्विलांस के जरिए अब गांव-गांव नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
तमनार से लेकर लैलूंगा तक फैले इस नेटवर्क के खुलासे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की आशंका जताई जा रही है।

You may also like