
बदलता छत्तीसगढ़।रायगढ़
JSW Steel के नहरपाली प्लांट के भीतर उस समय सनसनी फैल गई जब एक खाली ट्रक अचानक आग का गोला बन गई। प्लांट परिसर के कांटा नंबर–4 के पास हुई इस घटना ने कुछ ही पलों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हालांकि जेएसडब्ल्यू के सिक्योरिटी ने हादसे को काबू करने जैसी तत्परता दिखाई।यह उसका ही परिणाम है कि एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।
जानकारी के मुताबिक फाइन्स अनलोड कर वापस लौट रही ट्रक जैसे ही लिफ्टर गिराने के लिए कांटा नंबर-4 के पास पहुंची, उसी दौरान अचानक ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही सेकेंड में आग इतनी भयावह हो गई कि पूरा वाहन लपटों में घिर गया।
चलती ट्रक से कूदकर बचाई जान
अचानक लगी आग से घबराए ड्राइवर ने हालात भांपते ही चलती ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर ड्राइवर कुछ पल भी देर कर देता तो वह आग की चपेट में आ सकता था और एक दर्दनाक हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रथम दृष्टया ट्रक में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
प्लांट में मचा हड़कंप
प्लांट के भीतर अचानक आग की घटना से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति काबू में आ गई, अन्यथा आसपास खड़े वाहनों और मशीनों तक आग फैलने से बड़ा औद्योगिक हादसा हो सकता था।
इस घटना के बाद प्लांट परिसर में वाहनों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।